इजरायली हमले में अल जजीरा के 5 पत्रकारों की मौत; IDF बोला हमास का आतंकी था एक पत्रकार

On: August 11, 2025 5:10 PM

---Advertisement---
Israel Hamas War: गाजा में रविवार देर रात हुए एक इजरायली हवाई हमले में अल जजीरा अरबी के वरिष्ठ संवाददाता अनस अल शरीफ समेत चार अन्य पत्रकार मारे गए। यह हमला गाजा शहर के अल-शिफा अस्पताल के मुख्य द्वार के पास हुआ, जहां कई मीडियाकर्मी मौजूद थे। अस्पताल के एक अधिकारी के मुताबिक, हमले में कुल सात लोगों की जान गई, जिनमें अस्पताल के बाहर लगे एक टेंट को निशाना बनाया गया था।
इजरायली सेना (आईडीएफ) ने पुष्टि की है कि अनस अल शरीफ की मौत हवाई हमले में हुई और उन पर हमास के आतंकवादी सेल का नेतृत्व करने का आरोप लगाया। इजरायल का दावा है कि शरीफ हमास के एक बड़े कमांडर थे और रॉकेट हमलों की योजना बनाते थे, जबकि अल जजीरा ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए इसे सच की आवाज दबाने की कोशिश बताया। हमले में मारे गए दूसरे पत्रकारों का जिक्र आईडीएफ ने अपने बयान में नहीं किया। अल जजीरा ने बताया कि इस हमले में उनके अन्य पत्रकार मोहम्मद केरीकेह, कैमरा ऑपरेटर इब्राहिम जहेर, मोहम्मद नौफल, मोआमेन अलीवा और मोहम्मद नौफल के सहायक की भी मौत हुई।
अनस अल शरीफ के X अकाउंट पर 5 लाख से ज़्यादा फॉलोअर्स थे। उनकी रिपोर्टिंग को लेकर संयुक्त राष्ट्र की विशेषज्ञ इरेन खान ने पिछले महीने चेतावनी दी थी कि उनकी जान को खतरा है। जुलाई में, पत्रकारों की सुरक्षा के लिए काम करने वाली संस्था ‘कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स’ ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अनस की हिफाजत करने की अपील की थी। लेकिन इस हमले ने सारी चेतावनियों को हवा में उड़ा दिया।
गाजा में युद्ध और विस्थापन के बीच भुखमरी गंभीर होती जा रही है। अब तक कुपोषण से 100 बच्चों और 117 वयस्कों की मौत हो चुकी है। युद्ध में कुल 61,400 फिलिस्तीनी मारे गए हैं (भुखमरी के आंकड़े अलग हैं)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद गाजा पर इजरायली नियंत्रण पर आपात बैठक करेगी। इजरायल में नेतन्याहू की योजना के खिलाफ विरोध तेज है और बंधक परिजनों ने आम हड़ताल बुलाई है। हालिया हमलों से संकेत है कि युद्ध और भड़क सकता है।