गढ़वा: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर टाउन हॉल, गढ़वा के सभागार में जिला प्रशासन की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम उपायुक्त दिनेश यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
नृत्य प्रस्तुतियों में राजकीयकृत हरिजन मध्य विद्यालय गढ़वा, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय गढ़वा, आर.के. गोविंद +2 उच्च विद्यालय, पीएम श्री वीएचएस जाटा, ब्राइट फ्यूचर स्कूल, बीएसकेडी स्कूल, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, कस्तूरबा विद्यालय मेराल, आरकेसीएम बालिका उच्च विद्यालय गढ़वा तथा ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल बेलचंपा के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया।
वहीं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति आरके पब्लिक स्कूल, ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल गढ़वा, बीपीडीएवी पब्लिक स्कूल, शांति निवास उच्च विद्यालय, बीएनटी पब्लिक स्कूल गढ़वा एवं शबनम गढ़वा द्वारा दी गई।
कार्यक्रम में अतिथि कलाकारों ने भी अपनी कर्णप्रिय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संगीत संगत में ढोलक पर कुलदीप, पैड नाल पर सुबोध कुमार, ऑर्गन पर अमित कुमार, तबला पर संजय कुमार तथा कीबोर्ड पर दिलीप कुमार ने उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन संगीत कला महाविद्यालय के निदेशक प्रमोद सोनी के निर्देशन में किया गया।
नृत्य एवं गीत प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मंच पर मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नृत्य प्रतियोगिता परिणाम
प्रथम स्थान: बीएसकेडी स्कूल, गढ़वा
द्वितीय स्थान: ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, गढ़वा
तृतीय स्थान: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, मेराल
गीत प्रतियोगिता परिणाम
प्रथम स्थान: ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल, गढ़वा
द्वितीय स्थान: बीएनटी सेंट मैरी स्कूल, गढ़वा
तृतीय स्थान: आर.के. पब्लिक स्कूल, गढ़वा

इस अवसर पर उपायुक्त दिनेश यादव ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली में पठन-पाठन के साथ-साथ गीत, संगीत, नृत्य एवं भाषण जैसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने गढ़वा में एक नए एवं बड़े ऑडिटोरियम के निर्माण की भी बात कही, जिससे जिला स्तर पर सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों का बेहतर आयोजन हो सके।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रज़ा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय कलाकार, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।














