मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शादी से ठीक कुछ घंटे पहले एक महिला कॉन्स्टेबल के रहस्यमय तरीके से लापता होने से हड़कंप मच गया है। जिस घर में सुबह तक शादी की तैयारियों की रौनक थी, वहीं कुछ ही घंटों में मातम और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला बहसूमा थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर सादान का है, जहां रहने वाली महिला सिपाही आज (रविवार) रात शादी के बंधन में बंधने वाली थी।
लापता महिला कॉन्स्टेबल वर्तमान में अलीगढ़ के साइबर क्राइम थाने में तैनात है। उसकी शादी 8 फरवरी को मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव खेड़की निवासी युवक से तय थी और शाम को बारात पहुंचनी थी। लेकिन इससे पहले ही रविवार सुबह वह अचानक घर से गायब हो गई।
परिजनों के अनुसार, शनिवार रात तक सब कुछ सामान्य था। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था, शादी की रस्मों की तैयारियां चल रही थीं। रविवार सुबह जब महिला कॉन्स्टेबल कमरे में नहीं मिली तो पहले परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार में कोहराम मच गया।
इसके बाद परिजन सीधे बहसूमा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पिता ने लगाया अपहरण का आरोप
महिला कॉन्स्टेबल के पिता ने थाने में तहरीर देकर ढीकोली निवासी अंकित ठाकुर पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि अंकित का आपराधिक इतिहास रहा है और उन्हें आशंका है कि उनकी बेटी की जान खतरे में हो सकती है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में मौजूद परिवार के बीच आया कॉल
मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब परिवार थाने में मौजूद था और उसी दौरान महिला कॉन्स्टेबल ने घर के एक मोबाइल नंबर पर फोन किया। कॉल में उसने साफ कहा कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई है और किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
महिला कॉन्स्टेबल ने यह भी कहा कि वह बालिग है और अपने फैसले लेने का उसे पूरा अधिकार है। हालांकि, परिजनों ने इस बयान को मानने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि यह कॉल दबाव में या किसी डर के कारण की गई हो सकती है।
तीन पुलिस टीमें गठित
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तीन अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। महिला कॉन्स्टेबल और आरोपी अंकित ठाकुर के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकाली गई है। जांच में दोनों के बीच पूर्व में बातचीत के सबूत भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस दोनों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर तलाश में जुटी हुई है।
हिस्ट्रीशीटर है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी अंकित ठाकुर मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। मई 2025 में वह शराब ठेके की लूट के मामले में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उसके पैर में गोली लगी थी। कुछ समय पहले ही वह जेल से बाहर आया है।
इसी आपराधिक पृष्ठभूमि के चलते परिजन इस मामले को गंभीर खतरे से जोड़कर देख रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल यह मामला लव अफेयर, दबाव में लिया गया फैसला या अपहरण, इन तीनों एंगल से जांच के घेरे में है। पुलिस का कहना है कि महिला कॉन्स्टेबल को बरामद करने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी। इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और हर कोई इस रहस्य के खुलने का इंतजार कर रहा है।














