बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले से रामनवमी उत्सव के बीच एक दुखद घटना सामने आई है। जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको गांव में शुक्रवार शाम रामनवमी जुलूस के समापन के दौरान हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से सात लोग झुलस गए।
घायलों में खेतको निवासी सुरेंद्र सिंह (36), गुलाबचंद दास (28), मिथुन ठाकुर (30), अनिल रविदास (40), मदन कुमार नायक, शुभम रविदास (24) और रुद्र रविदास (15) शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गांव में पारंपरिक तरीके से रामनवमी जुलूस निकाला गया था। जुलूस समाप्त होने के बाद अखाड़ा परिसर में श्रद्धालु महावीरी ध्वज स्थापित करने की तैयारी कर रहे थे। इसी क्रम में लोहे की पाइप से बना लंबा झंडा खड़ा किया जा रहा था। तभी अचानक झंडा ऊपर से गुजर रही करीब 132 केवी क्षमता वाली हाई टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। जैसे ही झंडा तार से स्पर्श हुआ, लोहे के पाइप में तेज विद्युत प्रवाह दौड़ गया। करंट की चपेट में आते ही वहां मौजूद लोग बुरी तरह झुलस गए और कई लोग दूर जा गिरे। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जिससे उत्सव का माहौल गम में बदल गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।














