रांची: जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के एक सक्रिय नक्सली को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान सलमान खान के रूप में हुई है, जो टीएसपीसी के सीमांत जोन पिपवार–खलारी–बुढ़मू के सब-जोनल कमांडर आदिल अंसारी उर्फ देवाजी के दस्ते का सदस्य बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 को चतरा जिला की सीमा से सटे खलारी क्षेत्र में नक्सलियों ने कोयला कारोबारियों और ईंट-भट्ठा संचालकों में दहशत फैलाने और लेवी वसूली के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस फायरिंग की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में एक विशेष अभियान दल का गठन किया गया। इस टीम में खलारी और मैक्लुस्कीगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया।
विशेष अभियान के तहत 18 दिसंबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टीएसपीसी के सब-जोनल कमांडर आदिल अंसारी उर्फ देवाजी के दस्ते के कुछ सदस्य मोटरसाइकिल से धमधमिया क्षेत्र में लेवी वसूली के लिए आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धमधमिया के जंगली इलाके में एंबुश लगाकर घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक नक्सली को हथियार के साथ धर दबोचा, जबकि घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य उग्रवादी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए उग्रवादी की पहचान सलमान खान के रूप में की गई। पुलिस ने उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, 8 एमएम का एक जिंदा कारतूस, एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली खलारी और आसपास के इलाकों में लेवी वसूली, दहशत फैलाने और फायरिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। वहीं, फरार हुए दोनों उग्रवादियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
रांची: TSPC का सक्रिय नक्सली गिरफ्तार, हथियार बरामद














