झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा: झारखंड अधिविध परिषद, रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) एवं इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर मंगलवार को उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक शामिल हुए।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि मैट्रिक और इंटर की परीक्षा को नकलमुक्त एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी केंद्र अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में कुल 22,140 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए जिले में 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 24 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इंटर परीक्षा में कला संकाय के 20,118, विज्ञान संकाय के 4,293 तथा वाणिज्य संकाय के 229 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार इंटर परीक्षा में कुल 24,640 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
बैठक के दौरान डीडीसी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, पेयजल, बेंच-डेस्क, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों का कोई पारिवारिक सदस्य या रिश्तेदार परीक्षा ड्यूटी पर तैनात नहीं रहेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा ड्यूटी में लगे किसी भी कर्मी के पास मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए।
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपना पहचान पत्र गले में पहनकर ड्यूटी करेंगे। परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी और सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परीक्षा के दौरान अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस बल लगातार निगरानी रखेंगे तथा परीक्षार्थियों को परीक्षा समाप्ति के बाद ही केंद्र से बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज समेत शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
गढ़वा: मैट्रिक–इंटर परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, परीक्षा केंद्रों में मोबाइल सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक














