रांची: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार (18 मार्च) को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, झारखंड के निदेशक राजीव लोचन बख्शी से मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारों की लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और विभाग के समक्ष एक ज्ञापन भी प्रस्तुत किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पत्रकारों से जुड़ी कई बुनियादी मांगें पिछले 15 वर्षों से लंबित हैं, जिन पर अब तक ठोस पहल नहीं हो सकी है। संगठन की प्रमुख मांगों में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना, पत्रकारों के लिए पेंशन व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, प्रेस क्लब का निर्माण और पत्रकार आयोग का गठन शामिल है।

इसी क्रम में प्रीतम सिंह भाटिया ने राज्य सरकार के कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क साधा। उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से उनके आवास पर मुलाकात कर पुनः मांग पत्र सौंपा। इस दौरान मंत्रियों ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री स्तर पर इस विषय पर जल्द ही ठोस निर्णय लिया जाएगा। साथ ही संगठन द्वारा विधायक उदय शंकर सिंह से भी संपर्क कर अपनी मांगों को रखा है।

इसके अलावा, संगठन की ओर से गोड्डा जिले के महागामा में आयोजित होने वाले प्रमंडलीय पत्रकार महासम्मेलन के लिए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। इस सम्मेलन में गोड्डा, देवघर, पाकुड़, साहिबगंज और दुमका जिलों के बड़ी संख्या में पत्रकारों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन के दौरान कार्यशाला आयोजित कर पत्रकारों की भूमिका, चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। मुलाकात के दौरान पत्रकार सम्मान एवं सुरक्षा योजना को लेकर भी मंत्रियों और विधायकों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।
इस विषय पर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अभय पलीवार, प्रदेश प्रवक्ता अवधेश सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यम जायसवाल, सरायकेला-खरसावां जिला सचिव विद्युत महतो और गोड्डा जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार ने भी अपने विचार रखे।












