---Advertisement---

शादी टूटने से नाराज HIV पॉजिटिव युवक ने लिया खौफनाक बदला, मंगेतर के शरीर में इंजेक्ट किया संक्रमित खून; आरोपी गिरफ्तार

On: March 15, 2026 10:00 AM
---Advertisement---

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पोछाराम इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 24 वर्षीय युवक पर आरोप है कि उसने शादी टूटने से नाराज होकर 22 साल की युवती को जबरन एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगा दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी और पीड़िता आपस में रिश्तेदार हैं और पहले दोनों की शादी परिवार की सहमति से तय की गई थी।

बताया जा रहा है कि युवती के माता-पिता ने पिछले साल सितंबर में युवक की स्वास्थ्य जांच करवाई थी, क्योंकि युवक के माता-पिता पहले से ही एचआईवी से संक्रमित थे। जांच के दौरान युवक भी एचआईवी पॉजिटिव पाया गया।

जैसे ही यह जानकारी सामने आई, युवती के परिवार ने अपनी बेटी की शादी उससे करने से इनकार कर दिया और रिश्ता तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि शादी टूटने के बाद आरोपी युवक बेहद नाराज हो गया था और उसने बदला लेने की ठान ली।

आरोप है कि 11 मार्च को युवक पोछाराम स्थित युवती के घर पहुंचा। वहां उसने कथित तौर पर युवती को जबरन एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगा दिया। घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामला पोछाराम थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने एचआईवी संक्रमित खून कहां से और कैसे प्राप्त किया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now