---Advertisement---

झारखंड में निकाय चुनावों का ऐलान, 23 फरवरी को मतदान, 27 को मतगणना

On: January 27, 2026 2:55 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनावों का शंखनाद हो गया है। झारखंड राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने मंगलवार 27 जनवरी 2026 को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य में नगर निकाय चुनाव के तहत 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को मतगणना होगी।

निर्वाचन आयुक्त ने जानकारी दी कि चुनाव प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत 28 जनवरी 2026 (बुधवार) से होगी। इसी दिन पूर्वाह्न 11 बजे प्रपत्र-5 में निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो जाएगी। चुनाव कार्यक्रम जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर निगम) के माध्यम से लागू किया जाएगा।

29 जनवरी से शुरू होगा नामांकन

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, उम्मीदवार 29 जनवरी 2026 (गुरुवार) से 4 फरवरी 2026 (बुधवार) तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन का समय पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। दाखिल नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) 5 फरवरी 2026 (गुरुवार) को की जाएगी। वहीं, 6 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को अभ्यर्थी नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 7 फरवरी 2026 (शनिवार) को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान

निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने बताया कि मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगा। मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें