---Advertisement---

अनुष्का को बेटी, तेज प्रताप को पिता बनने की मिली बधाई,भड़के, बोले जयचंदों की करतूत

On: February 9, 2026 9:55 AM
---Advertisement---

पटना:बिहार की राजनीति में फिर से एक बार हलचल मच गई है। जब सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हो रही है जिसमें बताया जा रहा है कि अनुष्का यादव ने 8 फरवरी को एक बेटी को जन्म दिया है। अनुष्का यादव, जिनका नाम पिछले काफी समय से जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव के साथ जोड़ा जा रहा था, एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में आ गईं. इसके बाद तेज प्रताप यादव को पिता बता कर बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ तो तेज प्रताप भड़क गए हैं।

तेज प्रताप यादव ने कैमरे के सामने आकर कुछ ऐसा कह दिया जिसने सबको हैरान कर दिया और पूरे मामले में एक नया मोड़ ला दिया.

तेज प्रताप यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर उन तमाम चर्चाओं पर पूर्णविराम लगा दिया जिनमें उन्हें पिता बताया जा रहा था. उन्होंने बेहद कड़े लहजे में कहा कि अनुष्का यादव या उनके बच्चे से उनका दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है. तेज प्रताप ने साफ किया कि यह सारा विवाद और रिश्ता उन पर जबरदस्ती थोपा जा रहा है. उन्होंने उन तस्वीरों की सच्चाई भी बताई जो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं. तेज प्रताप के अनुसार, उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक किया गया था और उन तस्वीरों के जरिए उन्हें फंसाने की साजिश रची गई थी. उन्होंने सवाल उठाया कि आलोक गुर्जर और अनुष्का के बीच क्या संबंध है, इसकी जांच होनी चाहिए न कि उन्हें बदनाम किया जाना चाहिए.

अपनों ने ही दिया धोखा?

तेज प्रताप यादव ने इस पूरे मामले को एक गहरी राजनीतिक साजिश करार दिया है. उन्होंने सरेआम पांच ऐसे लोगों के नाम लिए जिन्हें वह ‘जयचंद’ मानते हैं. उन्होंने मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज, शक्ति सिंह और सुनील सिंह पर आरोप लगाया कि इन लोगों ने मिलकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है. तेज प्रताप ने यहाँ तक कह दिया कि यह सिर्फ बदनामी का खेल नहीं है, बल्कि एक गिरोह है जो उनकी हत्या करवाना चाहता है. उन्होंने इस गिरोह का मास्टरमाइंड मुकेश रौशन को बताया और कहा कि यह सब उन्हें मानसिक रूप से तोड़ने के लिए किया जा रहा है.

डिप्रेशन, मौत का डर और पीएम मोदी से मदद की गुहार

अपनी आपबीती सुनाते हुए तेज प्रताप यादव काफी भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि इस विवाद के कारण वह इतने गहरे डिप्रेशन में चले गए थे कि उनके मन में फांसी लगाने तक के विचार आने लगे थे. उन्होंने अपनी तुलना अपने पिता लालू प्रसाद यादव से करते हुए कहा कि जिस तरह उनके पिता को झूठे मुकदमों में फंसाया गया, आज वही खेल उनके साथ खेला जा रहा है. अब तेज प्रताप ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है. उन्होंने ऐलान किया है कि वह इस मामले में न्याय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे और साजिशकर्ताओं को अदालत के कटघरे में खड़ा करेंगे.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now