गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को IAS अधिकारी बताकर शादी कर ली और दहेज के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। हैरानी की बात यह है कि शादी बड़े धूमधाम से हुई, लेकिन विदाई के कुछ ही घंटों बाद आरोपी की सच्चाई सामने आ गई।
गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित मोहद्दीपुर निवासी राधेश्याम कश्यप अपनी बेटी के लिए योग्य वर की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक विवाह ग्रुप के जरिए इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र निवासी प्रीतम सिंह निषाद का रिश्ता मिला। युवक ने अपने बायोडाटा में खुद को IAS अधिकारी बताया था। विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने कई वीडियो और फोटो भेजे, जिनमें वह कथित तौर पर न्यूज चैनलों को इंटरव्यू देता और नेताओं के साथ नजर आ रहा था। उसने खुद को माणिकपुर में पदस्थ होने की बात कही। इन सब तथ्यों के आधार पर लड़की पक्ष पूरी तरह आश्वस्त हो गया।
परिजनों के अनुसार, शादी की तारीख 11 मार्च 2026 तय हुई। हालांकि शुरुआत में दहेज की कोई बात नहीं हुई थी, लेकिन सगाई के समय लड़के पक्ष ने 15 लाख रुपये की मांग रख दी। दबाव में आकर लड़की पक्ष ने 10 लाख रुपये दे दिए और बाकी 5 लाख तिलक के समय देने की बात तय हुई।
गोरखपुर के तारामंडल स्थित एक मैरिज लॉन में शादी पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई। शादी में दहेज के अलावा घरेलू सामान और अन्य व्यवस्थाओं पर करीब 15 लाख रुपये और खर्च किए गए। इस तरह कुल खर्च लगभग 30 लाख रुपये तक पहुंच गया।
12 मार्च को लड़की की विदाई हुई। इसी दौरान किसी माध्यम से जानकारी मिली कि दूल्हा IAS अधिकारी नहीं है। यह सुनते ही लड़की पक्ष के होश उड़ गए। आरोप है कि रास्ते में ही युवक का व्यवहार संदिग्ध था। उसने लड़की के साथ छेड़छाड़ की और फोन पर किसी से उसे गोवा में बेचने की बात भी करता रहा। लड़की ने किसी तरह अपने परिवार को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन तुरंत इटावा पहुंचे। वहां जाकर देखा कि आरोपी का घर बेहद छोटा, एक कमरे का था और लड़की को वहीं बंद करके रखा गया था। मौके पर आरोपी और उसकी बहन फरार मिले। परिजन बेटी को लेकर वापस गोरखपुर लौट आए और स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
परिवार का दावा है कि मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आरोपी पहले भी दो शादियां धोखे से कर चुका है और फ्रॉड के मामलों में जेल जा चुका है।
इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी IAS बनकर रचाई शादी, 15 लाख ऐंठे; दुल्हन को गोवा में बेचने की फिराक में था














