लोहरदगा: जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरकी–सेन्हा पथ पर नूरी सराय पुल के समीप गुरुवार को अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों ने अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत पर हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ सीओ के साथ मारपीट की, बल्कि उनकी सरकारी गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना को लेकर सेन्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि नूरी सराय पुल के पास अवैध डंपिंग यार्ड से बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के उद्देश्य से जब सीओ मौके पर पहुंचे, तो वहां मौजूद बालू माफियाओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
लाठी-डंडा और बेलचा से हमला, वाहन के शीशे तोड़े
सीओ द्वारा सेन्हा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, करीब 10 अज्ञात महिला-पुरुषों ने लाठी-डंडा और बेलचा से उनके साथ मारपीट की। हमलावरों ने ईंट और पत्थर से सीओ की गाड़ी पर हमला किया, जिससे वाहन का शीशा पूरी तरह टूट गया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने सीओ को रोककर उनके साथ दोबारा मारपीट करने का प्रयास किया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। इसी दौरान आरोपियों ने मौके पर पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू अनलोड कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।
पुलिस के पहुंचते ही फरार हुए हमलावर
घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी भाग चुके थे। अंचल अधिकारी के आवेदन के आधार पर सेन्हा थाना में सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी और हमला करने से संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत किया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू ने बताया कि अंचल अधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।














