AUS vs OMAN: आईसीसी टी20 विश्व कप में अपने निराशाजनक अभियान का अंत ऑस्ट्रेलिया ने जीत के साथ किया। शुक्रवार को खेले गए ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में कंगारू टीम ने ओमान को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। यह मैच श्रीलंका के कैंडी स्थित पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।
हालांकि इस मुकाबले से पहले ही दोनों टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी थीं, लेकिन इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप चरण का समापन आत्मविश्वास के साथ किया। इस मुकाबले के साथ ही टी20 विश्व कप का ग्रुप चरण समाप्त हो गया।
ओमान की बल्लेबाजी पूरी तरह ढही
टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने के ऑस्ट्रेलियाई फैसले ने तुरंत असर दिखाया। पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी ओमान की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और सिर्फ 16.2 ओवर में 104 रन पर ऑलआउट हो गई। ओमान की ओर से वसीम अली ने सबसे अधिक 32 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं सके।
जम्पा की घातक गेंदबाजी
ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी इस मैच में पूरी तरह हावी रही। एडम जम्पा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.2 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट झटके। उनका अच्छा साथ ग्लेन मैक्सवेल ने निभाया, जिन्होंने 3 ओवर में केवल 13 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके अलावा जेवियर बार्टलेट को 2 सफलता मिली, जबकि मार्कस स्टोइनिस और नाथन एलिस ने एक-एक विकेट हासिल किया।
मार्श-हेड की तूफानी साझेदारी
105 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान मिचेल मार्श ने बेहतरीन फॉर्म दिखाते हुए महज़ 33 गेंदों में नाबाद 64 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने 4 छक्के और 7 चौके लगाए और 193.94 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से रन बनाए। मार्श को ट्रैविस हेड का शानदार साथ मिला। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 49 गेंदों में 93 रन की निर्णायक साझेदारी की। हेड ने 19 गेंदों पर 32 रन बनाए। अंत में जोश इंग्लिश ने 6 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।













