चोरों के आतंक से खौफ में लोग, पुलिस ने एक भी मामले का नहीं किया अब तक उद्भेदन: पंचायत प्रतिनिधि
मामले का खुलासा नहीं हुआ तो आरक्षी अधीक्षक से करेंगे शिकायत
जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी स्थित शहीद मैदान के पास ब्लॉक नंबर 85/2/1, रोड नंबर 3 निवासी शैलेंद्र कुमार लाल दास के घर में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

इस घटना में लगभग एक लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
बताया जाता है कि शैलेंद्र कुमार लाल दास अपने परिवार के साथ धनबाद में बेटी के यहां आयोजित एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने गए थे। घर बंद रहने के कारण उन्होंने पड़ोसी शंकर सिंह को घर की देखभाल के लिए चाबी दे रखी थी। इसी दौरान बुधवार की मध्य रात्रि में अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया।
चोरों ने एक कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सामान को खंगाल डाला। अलमारी से सोने का लॉकेट, चांदी की दो जोड़ी पायल, 10 सिक्के, 20 अमेरिकी डॉलर, दो मोबाइल फोन तथा करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब पड़ोसी घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो कमरे का ताला भी टूटा था और अलमारी का सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था।
इसके बाद पड़ोसी शंकर सिंह ने घटना की जानकारी मकान मालिक शैलेंद्र कुमार लाल दास को दी। सूचना मिलते ही वे गुरुवार शाम करीब 4 बजे अपने आवास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेकर बागबेड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है । बागबेड़ा थाना घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर समेत कई स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कहा कि पिछले कई महीनों से बागबेड़ा कॉलोनी में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक स्थानीय पुलिस प्रशासन किसी भी मामले का उद्भेदन एवं उजागर करने में सफल नहीं हुआ है। उन्होंने पुलिस से इस मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है, अन्यथा आरक्षी अधीक्षक से मिलकर आगे की कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।








