राजेश कुमार साव
बालूमाथ: प्रखंड अंतर्गत सेरेगाड़ा खेल मैदान में गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर 26 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 9 बजे से क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन सेरेगाड़ा नवयुवक संघ द्वारा किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए खेल समिति के अध्यक्ष रंजीत यादव एवं सुनील यादव ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि क्षेत्रीय क्रिकेट खिलाड़ी अधिक से अधिक संख्या में भाग ले सकें।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रत्येक मैच 10-10 ओवर का होगा। मैच टेनिस बॉल से खेला जाएगा तथा खिलाड़ियों के लिए जूता पहनना अनिवार्य होगा। वाइड, नो-बॉल एवं थ्रो-बॉल पर रन मान्य होंगे। रेफरी एवं आयोजन समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
टूर्नामेंट में भाग लेने हेतु टीमों को ₹3500 प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 51,000 रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 31,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द सीरीज को भी विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी क्रिकेट प्रेमियों एवं खिलाड़ियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
आयोजन समिति में रंजीत यादव, सुनील यादव के अलावा हेमंत यादव, अभिषेक यादव, संदीप गुप्ता, मोहम्मद नेमतुल्ला, शेख अब्दुल्ला, सौरभ सिंह, महेश यादव, शशिकांत, चंदन यादव, मुकेश यादव सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।














