BAN vs PAK: बांग्लादेश दौरे पर गई पाकिस्तान टीम को वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा। ढाका के शेरे बांग्ला स्टेडियम में खेले गए मैच में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 30.4 ओवर में सिर्फ 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में बांग्लादेश ने 16वें ओवर में ही दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह मेजबान टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी रही पूरी तरह फ्लॉप
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत तो ठीक रही, लेकिन इसके बाद बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते चले गए। ओपनर साहिबजादा फरहान और माजिद सदाकत ने पहले विकेट के लिए 10 ओवर में 41 रन जोड़े। फरहान 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सदाकत 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई। तीसरे नंबर पर उतरे शमील हुसैन 4 रन बनाकर आउट हो गए। अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान भी सिर्फ 10 रन ही बना सके, जबकि सलमान अली आगा 5 रन बनाकर चलते बने। टीम के लिए सबसे ज्यादा 37 रन फहीम अशरफ ने बनाए। उन्होंने आखिरी विकेट के लिए अबरार अहमद के साथ 32 रनों की साझेदारी की, जिससे पाकिस्तान किसी तरह 114 रन तक पहुंच पाया।
नाहिद राणा की घातक गेंदबाजी
बांग्लादेश की ओर से युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने 5 विकेट झटके और मेहमान टीम को बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया। इसके अलावा कप्तान मेहदी हसन मिराज ने भी प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए।
तंजीद तमीम की विस्फोटक पारी
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम को शुरुआती झटका सैफ हसन के रूप में लगा, जो 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद तंजीद हसन तमीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने महज 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और पाकिस्तान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। तमीम ने नजमुल हसन शान्तो के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 82 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी ने टीम को आसानी से जीत की ओर पहुंचा दिया।
तमीम ने 42 गेंदों में 7 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। वहीं शांतो 33 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए।
पाकिस्तान के नाम अनचाहा रिकॉर्ड
इस मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे इतिहास का अपना सबसे छोटा स्कोर बना दिया। इसके साथ ही गेंद शेष रहते यह टीम की चौथी सबसे बड़ी हार भी दर्ज हुई। पहले ही मैच में मिली इस हार के बाद अब पाकिस्तान पर सीरीज में वापसी का दबाव बढ़ गया है, जबकि बांग्लादेश का आत्मविश्वास काफी ऊंचा हो गया है।













