---Advertisement---

टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश बाहर, स्कॉटलैंड की हुई एंट्री

On: January 24, 2026 5:54 PM
---Advertisement---

ICC T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा फैसला लिया है। 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट में अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। ICC ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है, जिसके बाद क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है।


दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपनी राष्ट्रीय पुरुष टीम को टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों के लिए भारत भेजने से इनकार कर दिया था। BCB ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ICC से अनुरोध किया था कि उनके मैच भारत के बाहर कराए जाएं या फिर ग्रुप में बदलाव किया जाए। हालांकि ICC ने इन मांगों को मानने से साफ इनकार कर दिया।


विवाद समाधान समिति तक पहुंचा मामला


मामला बढ़ने पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC की विवाद समाधान समिति (Dispute Resolution Committee – DRC) को पत्र लिखकर भारत में मैच कराने के फैसले को पलटने की अपील की। लेकिन ICC ने स्पष्ट किया कि यह मामला DRC के अधिकार क्षेत्र से बाहर है, इसलिए अपील पर कोई सुनवाई नहीं हो सकी।


ICC के सामने नहीं बचा कोई विकल्प


दोनों पक्षों के बीच किसी भी तरह की सहमति न बनने के बाद ICC ने सख्त रुख अपनाया। ICC के CEO संजोग गुप्ता ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को पत्र लिखकर साफ शब्दों में कहा कि BCB ICC के निर्णय का पालन नहीं कर रहा है। ऐसे में टूर्नामेंट की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए ICC के पास बांग्लादेश की जगह किसी अन्य टीम को शामिल करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।


इसके बाद ICC ने स्कॉटलैंड क्रिकेट बोर्ड को आधिकारिक पत्र भेजकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शामिल होने का न्योता दे दिया।


ग्रुप C में शामिल हुई स्कॉटलैंड


स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह ग्रुप C में रखा गया है। स्कॉटलैंड अपना पहला तीन मुकाबले कोलकाता में खेलेगा। टीम का कार्यक्रम इस प्रकार है


7 फरवरी: स्कॉटलैंड बनाम वेस्टइंडीज (कोलकाता)
9 फरवरी: स्कॉटलैंड बनाम इटली (कोलकाता)
14 फरवरी: स्कॉटलैंड बनाम इंग्लैंड (कोलकाता)
17 फरवरी: स्कॉटलैंड बनाम नेपाल (मुंबई)


क्रिकेट जगत में चर्चा तेज


ICC के इस फैसले के बाद क्रिकेट गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जहां एक ओर स्कॉटलैंड के लिए यह बड़ा मौका माना जा रहा है, वहीं बांग्लादेश का इस तरह बाहर होना टूर्नामेंट के इतिहास में एक अहम घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।


अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि स्कॉटलैंड इस मौके का किस तरह फायदा उठाता है और ग्रुप C में कितनी मजबूत चुनौती पेश करता है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now