पलामू: पलामू संसदीय क्षेत्र की बैंकिंग सेवाओं को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा में महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया है। उन्होंने नियम 377 के तहत क्षेत्र की जनता से सीधे जुड़े सवालों को सदन के सामने रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक की सेवाओं में सुधार की मांग की।
सांसद ने कहा कि पलामू और गढ़वा दोनों ही जिले आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल हैं, जहां बैंकिंग सेवाओं का विस्तार होना जरूरी है। इसके बावजूद कई इलाकों में एसबीआई की सुविधाएं या तो कम हो गई हैं या पूरी तरह बंद हो चुकी हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने विशेष रूप से मेदिनीनगर के रेडमा क्षेत्र का मुद्दा उठाया, जहां पहले संचालित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा को बंद कर दिया गया है। रेडमा शहर का घनी आबादी वाला और प्रमुख व्यावसायिक इलाका है। शाखा बंद होने से हजारों खाताधारकों, पेंशनभोगियों और व्यापारियों को अब मुख्य शाखा पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे वहां अत्यधिक भीड़ बढ़ गई है, लंबी कतारें लग रही हैं और बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है।
सांसद ने यह भी बताया कि गढ़वा जिले के बरगढ़ और बिशुनपुरा प्रखंड मुख्यालयों में अब तक एसबीआई की शाखाएं नहीं हैं। इन इलाकों में बड़ी संख्या में ग्रामीण और आदिवासी आबादी निवास करती है, जिन्हें बैंकिंग सुविधाओं के अभाव में योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाता। किसान क्रेडिट कार्ड, पेंशन, सब्सिडी और अन्य सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि तक पहुंच भी प्रभावित हो रही है।
लोकसभा के माध्यम से सांसद ने वित्त मंत्रालय से आग्रह किया कि मेदिनीनगर के रेडमा में एसबीआई शाखा को पुनः चालू किया जाए और बरगढ़ व बिशुनपुरा में नई शाखाएं खोली जाएं। उनका कहना है कि इससे न सिर्फ लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह मुद्दा उठने के बाद अब देखना होगा कि केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन इस दिशा में क्या कदम उठाते हैं, क्योंकि यह मामला सीधे तौर पर हजारों लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों और वित्तीय पहुंच से जुड़ा हुआ है।











