महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। पहाड़ी पर स्थित खल्लारी माता मंदिर के रोपवे रूट पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रायपुर की रहने वाली 28 वर्षीय आयुषी सतकर अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन के बाद रोपवे से नीचे लौट रही थीं। उनके साथ उनके पति ऋषभ ढावरे, एक 16 वर्षीय रिश्तेदार छायांश ढावरे और अन्य लोग ट्रॉली में सवार थे। इसी दौरान अचानक रोपवे का केबल टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे गिर गई।
हादसे के समय दूसरी ट्रॉली भी आठ यात्रियों को लेकर ऊपर की ओर जा रही थी। पहली ट्रॉली के गिरने का असर दूसरी ट्रॉली पर भी पड़ा और वह तेज रफ्तार से बेस स्टेशन से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, दूसरी ट्रॉली में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि पहली ट्रॉली में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, घटना के दौरान बेस स्टेशन पर मौजूद चार लोग मानसिक सदमे में हैं। सभी 17 घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आयुषी सतकर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घायलों में 12 लोग रायपुर और 4 महासमुंद के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एहतियात के तौर पर रोपवे सेवा को तत्काल बंद कर सील कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए घटना को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताया।
सीएम ने मृतका के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।
प्रशासन का कहना है कि हादसे के पीछे की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। साथ ही, जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।














