पटना: फतुहा थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव में पारिवारिक जमीन विवाद में दो चचेरे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक भतीजे ने देसी कट्टा से ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाई। जिसमें पहली गोली से 50 वर्षीय राज मंत्री देवी की मौत हो गई। जबकि मां को बचाने के लिए बीच में आए बीते राजन प्रसाद गंभीर रूप से गोली से घायल हैं। वहीं बीच में आए 55 वर्षीय पड़ोसी देव सागर सिंह को भी गोली लग गई और उनकी मौत हो गई। जबकि घायल राजन का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि राजकुमार प्रसाद और श्रवण प्रसाद के बीच विवाद का कारण महज 2 इंच जमीन था। शुक्रवार सुबह दोनों पक्ष उसी विवादित जमीन पर मौजूद थे, जहां श्रवण प्रसाद पिलर निर्माण का कार्य करा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत शुरू में सामान्य थी और किसी ने नहीं सोचा था कि मामला जानलेवा रूप ले लेगा।
इतनी छोटी जमीन के विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया, जब राजकुमार प्रसाद का बेटा शिवम मौके पर देसी कट्टा लेकर पहुंचा और गोलियां चलाना शुरू कर दिया। पहली गोली सीधे चाची के सिर में लगी। दूसरी और तीसरी गोली क्रमशः उनके बेटे और पड़ोसी को लगी।
घटना के बाद रसलपुर गांव में खौफ का माहौल है। पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल तैनात कर दिया और आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के घर से दो देसी कट्टे, एक तलवार और बाइक बरामद की है। SIT भी गठित की गई है।
मृतकों और परिवार के दर्द को देख रहे लोग स्तब्ध
गांव के लोग कहते हैं कि इतनी छोटी सी जमीन के लिए इतनी हिंसा किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। मृतकों के घर परिवार में मातम पसरा है, और पड़ोसी अभी भी सदमे में हैं। हर कोई सोच रहा है कि किसी छोटी सी लड़ाई ने कैसे दो परिवारों की खुशियों को खत्म कर दिया।
फतुहा SDPO अवधेश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही सभी जमीन विवाद से जुड़े कागजात और पुराने झगड़ों की भी समीक्षा की जा रही है।











