पटना: बिहार की राजधानी के पटना के यारपुर डोमखाना शराब के खिलाफ उत्पाद और पुलिस विभाग की टीम ने रेड की और दो शराब तस्करों को कई शराब की बोतलों के साथ गिरफ्तार कर वापस लौट रही थी इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस को घेर लिया और पकड़े गए आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान भीड़ में पत्थर बाजी भी की जिसमें कई पुलिस कर्मियों के घायल होने की खबर है।
पुलिस को इलाके में अवैध शराब की बड़ी खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 2 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया और कई बोतलें बरामद कीं। जैसे ही पुलिस टीम कार्रवाई पूरी कर लौट रही थी, भीड़ ने गिरफ्तार आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया और पुलिस को घेर लिया। पथराव में 3-4 पुलिसकर्मी हल्के घायल हो गए, वहीं पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।
दो-तीन थानों की अतिरिक्त फोर्स पहुंचने के बाद पुलिस ने इलाके में दोबारा दबिश दी और इस दौरान दो और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यारपुर डोमखाना में लंबे समय से शराब का अवैध नेटवर्क सक्रिय है। कई बार कार्रवाई के बावजूद तस्कर लगातार सक्रिय रहते हैं। घटना के बाद इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और छापेमारी जारी है।










