हापुड़: उत्तर प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत के बीच कालाबाजारी करने वालों पर पुलिस और प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में हापुड़ जिले के असौड़ा गांव में पुलिस और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के एक स्थानीय नेता के घर छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, असौड़ा गांव निवासी और समाजवादी पार्टी से जुड़े बताए जा रहे अब्दुल रेहान के घर पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान उसके घर से 55 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर और कई खाली सिलेंडर बरामद किए गए। टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचायती घर के पास रहने वाला रेहान अपने घर में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर अवैध तरीके से जमा कर रखे हुए है और उनकी कालाबाजारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और जिला पूर्ति विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और मौके से बड़ी संख्या में सिलेंडर बरामद कर लिए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में गैस की कमी का फायदा उठाकर आरोपी जरूरतमंद लोगों को एक सिलेंडर 2000 रुपये तक में बेच रहा था। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आया और यह कार्रवाई की गई।
जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरामद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इतने सिलेंडर कहां से जुटाए और क्या इस मामले में कोई अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














