झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायत पर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यवसायी को पकड़ लिया और उसकी दुकान को अगले आदेश तक सील करवा दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी व्यवसायी घरेलू एलपीजी सिलेंडर को अवैध रूप से 2700 रुपये में बेच रहा था।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति इंडेन गैस सिलेंडर ऊंचे दाम पर बेच रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर दुकान को तत्काल बंद करा दिया गया।

बताया गया कि संबंधित व्यवसायी मेन रोड स्थित एक मकान में किराए पर किचन पार्ट्स व गैस चूल्हे की दुकान चलाता है और उसी भवन के बेसमेंट में लंबे समय से अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर रहा था।
एसडीएम संजय कुमार ने मौके पर मकान मालिक और व्यवसायी से पूछताछ करते हुए लिखित जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घनी आबादी में इस तरह अवैध भंडारण की अनुमति देने पर मकान मालिक की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आपदा के समय मुनाफाखोरी करने वाले ऐसे कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम लोगों से अपील की कि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।










