---Advertisement---

गढ़वा: बकरियों को लेकर मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत; 4 घायल

On: March 3, 2026 3:39 PM
---Advertisement---

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत बड़गढ़ थाना क्षेत्र में बकरियों को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में सूर्यदेव यादव (55) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके दो बेटों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है।

पंचायत में शिकायत के दौरान हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, मामला टिहरी पंचायत के हेसातु गांव के दुबियाठी टोला का है। बताया जा रहा है कि सूर्यदेव यादव की तीन बकरियां संदिग्ध परिस्थितियों में मर गई थीं। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही रामकिशुन यादव उर्फ दुबई यादव और उनकी पत्नी कवलिया देवी ने बकरियों को जहर देकर मार दिया।
इस संबंध में शिकायत लेकर सूर्यदेव यादव पंचायत मुखिया विनको टोप्पो के पास पहुंचे थे। जब वे मृत बकरियों की तस्वीर मोबाइल से लेने लगे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा और टांगी से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हमले में सूर्यदेव यादव को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। उनके पुत्र महेश यादव और गणेश यादव को भी बुरी तरह पीटा गया। इसके अलावा दो अन्य ग्रामीण भी झड़प में घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल महेश यादव को बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची रेफर किया गया है।

11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही बड़गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे गणेश यादव की लिखित शिकायत पर पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now