बोकारो: जिले के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। काशीझरिया स्थित काजूबगान के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर चल रहे कई वाहनों को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में पश्चिम बंगाल निवासी 11 वर्षीय सुरेश महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चास से पुरुलिया की ओर जा रहा ट्रेलर अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसने वाहन पर से संतुलन खो दिया। कुर्रा से लेकर काशीझरिया तक करीब पांच अलग-अलग स्थानों पर ट्रेलर ने एक के बाद एक कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सबसे पहले ट्रेलर ने एक टेंपो को जोरदार टक्कर मारी, इसके बाद वह रुकने के बजाय आगे बढ़ता चला गया और कई वाहनों को रौंदता हुआ निकल गया। इस दौरान एक बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए ट्रेलर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुरुलिया-धनबाद मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क जाम की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पिंड्राजोड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद सड़क जाम हटवाया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।













