बोकारो: जिले में बुधवार शाम एक लव अफेयर का मामला उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब प्रेम संबंध से परेशान एक युवक अचानक 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। यह घटना हरला थाना क्षेत्र के बसंती मोड़ के पास की है।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक मध्य प्रदेश का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
मध्य प्रदेश से बोकारो पहुंचा था युवक
पुलिस ने युवक की पहचान भोजराज चंदेल (26) के रूप में की है, जो मध्य प्रदेश के गुना जिले के जौहरी गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि भोजराज बुधवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से चिल्लाकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।
सोशल मीडिया से शुरू हुआ था रिश्ता
हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम ने बताया कि युवक पिछले चार वर्षों से हरला थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। युवक ने पुलिस को बताया कि वह युवती से मिलने के लिए बोकारो आया था, लेकिन महिला के परिजनों ने मिलने की अनुमति नहीं दी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया।
‘मैं मर जाऊंगा’ कहते हुए बनाया वीडियो
इस बीच, घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में युवक मोबाइल टावर के ऊपर खड़ा होकर ‘मैं मर जाऊंगा’ कहते हुए नजर आ रहा है।
दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया
घटना की सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने राहत की सांस ली और किसी भी तरह की अनहोनी टल गई।
पूछताछ जारी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, युवक को नीचे उतारने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और महिला व उसके परिजनों से भी जानकारी ली जाएगी।














