सेलम: तमिलनाडु के सेलम-कोयंबटूर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। उत्तमचोलपुरम के पास हुए इस हादसे में एक सरकारी बस के ब्रेक फेल होने से बेकाबू होकर कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें गर्भवती महिला समेत आठ लोगों की जान चली गई।
कैसे हुआ हादसा
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे इरोड से सेलम जा रही सरकारी बस का अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बस डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में घुस गई और सामने से आ रहे एक टू-व्हीलर और पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए। वैन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल थी। वहीं, टू-व्हीलर सवार तीन लोगों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए आगे आए। घायलों को नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, आठ से ज्यादा लोग अभी भी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।













