---Advertisement---

सिमडेगा से छत्तीसगढ़ जा रही बस पलटी, 5 की मौत; 20 घायल

On: March 6, 2026 7:57 PM
---Advertisement---

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झारखंड से छत्तीसगढ़ आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यात्री बस झारखंड के सिमडेगा जिले के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी की ओर आ रही थी। बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। शुक्रवार सुबह करीब 9:45 बजे जशपुर जिले के करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा गांव के पास ढलान पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में सवार एक यात्री ने चालक से बस रोकने को कहा, लेकिन कंडक्टर ने चिल्लाकर बताया कि बस के ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं। यह सुनते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री घबरा गए।

निर्माणाधीन मकान से टकराकर पलटी बस

ब्रेक फेल होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार बस सड़क किनारे बने एक निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

5 यात्रियों की मौके पर मौत

हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मकरीबंधा निवासी महेश राम (45) और उनकी पत्नी बिमला देवी (42), सिमडेगा निवासी संपति देवी (52), ढोढ़ी निवासी डिगेश्वर (40) और उनके पांच महीने के बेटे घनश्याम के रूप में हुई है।

20 घायल, कई अस्पतालों में चल रहा इलाज

हादसे में घायल करीब 20 लोगों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज कुनकुरी अस्पताल, जिला अस्पताल सहित आसपास के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है। इनमें से 13 घायलों का उपचार स्थानीय अस्पतालों में जारी है, जबकि चार गंभीर घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचीं कौशल्या साय

हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय कुनकुरी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now