Bypoll Results 2025: गुजरात के विसावदर में AAP, कडी में भाजपा जीती; लुधियाना में आप और केरल में कांग्रेस विजयी; बंगाल के कालीगंज में TMC की जीत

On: June 23, 2025 9:31 AM

---Advertisement---
Bypoll Results 2025: चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों के उपचुनाव की काउंटिंग पूरी हो चुकी है। 5 में से 2 सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को जीत मिली है। वहीं कांग्रेस, बीजेपी, और टीएमसी को एक-एक सीट पर जीत मिली है।
गुजरात की विसावदर सीट पर AAP कैंडिडेट गोपाल इटालिया 17554 वोटों से जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा के कीर्ति पटेल को हराया।
गुजरात की कडी सीट पर भाजपा के राजेंद्र कुमार (राजूभाई) दानेश्वर चावड़ा ने कांग्रेस कैंडिडेट रमेशभाई चावड़ा को 39452 वोटों से हराया है।
पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर AAP कैंडिडेट संजीव अरोड़ा 10637 वोटों जीत गए हैं। कांग्रेस के भारत भूषण आशु दूसरे नंबर पर रहे।
पश्चिम बंगाल के कालीगंज विधानसभा सीट पर TMC उम्मीदवार अलीफा अहमद की जीत हुई है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी आशीष घोष को भारी मतों के अंतर से हरा दिया है। सीएम ममता बनर्जी ने TMC की जीत पर कालीगंज के लोगों का आभार जताया है।
केरल की नीलांबुर सीट पर कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के कैंडिडेट आर्यदान शौकत ने 11077 वोटों से जीत दर्ज की है। इस सीट पर टीएमसी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार पीवी अनवर को 19,946 वोट मिले।
पांचों सीटों पर 19 जून को वोटिंग हुई थी। चुनाव आयोग के मुताबिक, केरल की नीलांबुर सीट पर उपचुनाव में 75.27 प्रतिशत वोट पड़े थे। पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर 73.36 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। गुजरात की विसावदर सीट पर 56.89 प्रतिशत और कडी सीट पर 57.91 प्रतिशत मतदान हुआ था। पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर 51.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
गुजरात की कडी सीट विधायक करसन सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई, जबकि विसावदर में आप विधायक भूपेंद्र भयानी ने इस्तीफा दिया था। केरल की नीलांबुर विधानसभा सीट विधायक पीवी अनवर के इस्तीफे के बाद खाली हुई। पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट से विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का निधन हुआ था, जिससे उपचुनाव की स्थिति बनी। इसी तरह कालीगंज सीट विधायक नसरुद्दीन अहमद के निधन के बाद खाली हुई थी।