MDH और Everest मसालों में मिले कैंसर पैदा करने वाले तत्व! चेतावनी जारी

On: April 21, 2024 4:55 AM

---Advertisement---
झारखंड वार्ता न्यूज
नई दिल्ली: हांगकांग और सिंगापुर में खाद्य नियामकों ने लोगों को दो बड़े मसाला ब्रांडों के चार प्रोडक्ट, एमडीएच (MDH) के तीन और एवरेस्ट (Everest) के एक प्रोडक्ट का उपयोग करने के खिलाफ चेतावनी दी है। इसमें इथिलीन ऑक्साइड की मात्रा काफी अधिक है, जिससे कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी हो सकती है।
5 अप्रैल को अपनी वेबसाइट पर पोस्ट किए गए एक बयान में हांगकांग के खाद्य नियामक प्राधिकरण सेंटर फॉर फूड सेफ्टी (CFS) ने कहा कि एमडीएच के तीन मसाला प्रोडक्ट – मद्रास करी पाउडर, सांभर मसाला और करी पाउडर मिश्रित मसाला पाउडर के अलावा एवरेस्ट के फिश करी मसाला में कीटनाशक, एथिलीन ऑक्साइड है।
एमडीएच और एवरेस्ट फूड्स दोनों ने अभी तक खाद्य नियामकों के दावों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। अपने नियमित जांच के तहत, सीएफएस (CFS) ने हांगकांग में तीन खुदरा दुकानों से उत्पाद लिए। सीएफएस (CFS) प्रवक्ता ने कहा, “परीक्षण के नतीजों से पता चला कि नमूनों में कीटनाशक, एथिलीन ऑक्साइड था।” नियामक ने विक्रेताओं को बिक्री रोकने और उत्पादों को हटाने का निर्देश दिया। इसमें कहा गया है कि उत्पादों को वापस मंगाना शुरू कर दिया गया है।
वहीं सिंगापुर खाद्य एजेंसी (SFA) ने भी एथिलीन ऑक्साइड की मात्रा “निर्धारित सीमा से अधिक” होने के कारण एवरेस्ट फिश करी मसाला को वापस लेने का आदेश दिया। एसएफए (SFA) ने कहा, हालांकि एथिलीन ऑक्साइड के निम्न स्तर वाले खाद्य पदार्थ खाने से तत्काल कोई खतरा नहीं है, लंबे समय तक संपर्क में रहने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। जितना संभव हो उतना कम उपयोग किया जाना चाहिए। इसने उत्पादों को खरीदने वाले लोगों को इसका सेवन न करने की भी सलाह दी है।
हालांकि एमडीएच (MDH) और एवरेस्ट (Everest) फूड्स दोनों ने अभी तक खाद्य नियामकों के दावों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।