रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सिविल सेवा संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) की तिथि में बदलाव किया है। आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार अब यह परीक्षा पहले से निर्धारित 8 मार्च 2026 के बजाय 15 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा कार्यक्रम में यह परिवर्तन प्रशासनिक कारणों से किया गया है। हालांकि परीक्षा के अन्य नियम और शर्तों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
अभ्यर्थियों को मिला एक सप्ताह का अतिरिक्त समय
परीक्षा की तारीख आगे बढ़ने से अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए लगभग एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मिल गया है, जिससे उम्मीदवार अपनी रणनीति को और बेहतर बना सकते हैं।
JPSC ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी नई सूचना, एडमिट कार्ड और दिशा-निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें, ताकि किसी प्रकार की जानकारी छूट न जाए।
103 पदों पर होगी बहाली
इस संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से राज्य प्रशासन के कुल 103 महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें शामिल हैं
उपसमाहर्ता
पुलिस उपाधीक्षक (DSP)
जिला समादेष्टा
प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO)
महिला एवं बाल विकास विभाग में सहायक निदेशक
कृषि एवं सहकारिता विभाग में सहायक निबंधक
सहायक नगर आयुक्त
सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी
JPSC सिविल सेवा परीक्षा राज्य की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इसके माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को राज्य प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी जाती हैं। अब जबकि परीक्षा की तारीख बढ़ा दी गई है, अभ्यर्थियों के पास तैयारी को अंतिम रूप देने का अच्छा अवसर है।














