---Advertisement---

ओरमांझी में सड़क हादसे के बाद बवाल: नाबालिग को बस ने मारी टक्कर, आक्रोशित भीड़ ने बस फूंकी

On: January 15, 2026 10:21 AM
---Advertisement---

रांची: राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए। बस की चपेट में आने से एक नाबालिग किशोरी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और गुस्साई भीड़ ने यात्री बस को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि इलाके में अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई।


जानकारी के अनुसार, चुटूपालू गांव निवासी विजय महली की 16 वर्षीय पुत्री रूबी कुमारी मकर संक्रांति सह कृषि प्रदर्शनी मेले से घर लौट रही थी। शाम करीब 7:30 बजे चुटूपालू घाटी के पास सड़क पार करने के दौरान रांची से सिलीगुड़ी जा रही आरजू नामक यात्री बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि किशोरी सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसी बीच अफवाह फैल गई कि किशोरी की मौत हो गई है। अफवाह ने आग में घी डालने का काम किया और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई। आक्रोशित लोगों के एक समूह ने बस में आग लगा दी। हालात बिगड़ते देख बस में सवार यात्री जान बचाकर नीचे उतर आए, जबकि चालक और खलासी भी मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।


बस में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और पूरी बस जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। कुछ देर बाद रामगढ़ से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।


घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया और समझाइश के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कराया। कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और यातायात धीरे-धीरे बहाल हो सका।


पुलिस के अनुसार, घायल किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगजनी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now