चतरा: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त कफ सिरप की भारी खेप बरामद की है। कटिया तुमा पत्रा गांव स्थित एक पुराने और लंबे समय से बंद पड़े खपरैल मकान से 42 पेटी प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप जब्त किया गया है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
अंचलाधिकारी गौरव कुमार राय को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के एक सुनसान और बंद पड़े मकान में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर मकान को चारों ओर से घेर लिया। मकान बाहर से ताला बंद था। परिजनों की मौजूदगी में जब ताला तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जहां अनाज या घरेलू सामान होना चाहिए था, वहां 42 बड़ी पेटियों में कोडीन युक्त कफ सिरप को बेहद सलीके से छिपाकर रखा गया था।
सरकार द्वारा पूरी तरह प्रतिबंधित है कोडीन सिरप
मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर सनोज चौधरी ने बताया कि बरामद किया गया कफ सिरप सरकार द्वारा पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा, इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप का सिमरिया क्षेत्र में डंप किया जाना हमारे लिए गंभीर चुनौती थी। यह वही सिरप है जिसे ‘मौत का सिरप’ भी कहा जाता है और जिसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है।
तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
इंस्पेक्टर सनोज चौधरी ने बताया कि इस मामले में तस्करों की पहचान कर ली गई है। सभी नामित आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस बड़ी खेप के भंडाफोड़ के बाद नशा तस्करों में अफरा-तफरी का माहौल है।
आगे की जांच सिमरिया पुलिस के जिम्मे
बरामद कफ सिरप को विधिवत जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामला सिमरिया थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में खपाने की तैयारी थी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नशा कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।














