हजारीबाग: मंगला जुलूस के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प की खबर है।झड़प में कई लोगों के घायल होने की बात बताई जा रही है। मौके पर आला अधिकारी पहुंच गए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रित बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरकट्ठा और गोरहर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित लेबड़ा जमुआ में मंगलवार को रामनवमी के पूर्व निकाले गए मंगला जुलूस के दौरान पुलिस-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई ।बिना लाइसेंस के तय मार्ग से इतर जुलूस ले जाने से रोकने पर भड़की भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें चार पुलिसकर्मियों सहित कई ग्रामीण घायल हो गए। स्थिति को बिगड़ते देख एसडीएम जोहन टुडू और एसडीपीओ अजीत कुमार विमल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस बल ने भीड़ को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह घटना दो समुदायों के बीच नहीं, बल्कि जुलूस में शामिल लोगों और पुलिस के बीच हुई है।








