पुणे: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के बाद जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर उनके खिलाफ पुणे में शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल इस मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
जीत के जश्न के दौरान का वीडियो बना विवाद की वजह
दरअसल, रविवार को भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया।
इस दौरान कई खिलाड़ियों ने अपने कंधों पर तिरंगा ओढ़ रखा था। हार्दिक पांड्या भी तिरंगे में लिपटे हुए टीम के साथ जश्न मनाते दिखाई दिए। इसी बीच सेलिब्रेशन के दौरान उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड को किस किया।
पुणे में वकील ने दर्ज कराई शिकायत
इस घटना को लेकर पुणे के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में अधिवक्ता वाजेद खान ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जश्न के दौरान हार्दिक पांड्या ने तिरंगे को अपने शरीर पर लपेट रखा था और उसी दौरान उन्होंने अमर्यादित व्यवहार किया, जो राष्ट्रीय ध्वज का अपमान माना जा सकता है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कृत्य राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम (Prevention of Insults to National Honour Act) के तहत दंडनीय हो सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस कर रही है जांच
शिवाजीनगर पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संबंध में लिखित शिकायत मिली है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध वीडियो व अन्य साक्ष्यों की समीक्षा की जाएगी। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।














