झारखंड वार्ता संवाददाता
डंडई (गढ़वा): डंडई थाना क्षेत्र अंतर्गत झोंतर गांव में 30 मई 2025 को सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से डीजे मशीनों की चोरी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। डंडई थाना पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए कई कीमती सामान भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रमोद राम (22 वर्ष), पिता रामकिशुन राम, निवासी ग्राम बीरवल, थाना धुरकी तथा दूसरा अभियुक्त मकसूद अंसारी, पिता मुर्तुजा अंसारी, निवासी ग्राम बीरवल, थाना धुरकी शामिल है। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी से संबंधित सामान बरामद किया है। बरामद सामग्री में आहूजा कंपनी के दो डीजे मशीन, स्ट्रेंजर कंपनी का एक डीजे मशीन, एचसीएल कंपनी का काले रंग का लैपटॉप, आई-टेल कंपनी के दो मोबाइल फोन, ट्राइटो रेनो टी-1 कंपनी का एक काले रंग का मोबाइल, एसीई कंपनी का एक नीले रंग का मोबाइल तथा चार मोबाइल चार्जर शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रमोद राम का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। उसके विरुद्ध डंडई थाना, विश्रामपुर थाना एवं धुरकी थाना में चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए डंडई थाना पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी कर रहे थे, जिनके साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी शामिल थे।
डंडई पुलिस ने डीजे मशीन चोरी कांड का किया खुलासा, दो गिरफ्तार














