धनबाद: जिले के जोगता थाना क्षेत्र से मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिजुआ 06/10 न्यू कॉलोनी में एक ही परिवार के तीन लोगों पति, पत्नी और दो साल की बच्ची की मौत हो गई। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
परिवार की पहचान और पृष्ठभूमि
मृतकों की पहचान राजा अंसारी (25), उसकी पत्नी अमीना खातून (20) और दो वर्षीय बेटी मायरा के रूप में हुई है। यह परिवार लगभग एक सप्ताह पहले ही तेतुलमुड़ी दाऊद नगर बस्ती से सिजुआ इलाके में किराए के मकान में रहने आया था। राजा पेशे से एक दैनिक मजदूर था।
बताया जा रहा है कि पारिवारिक तनाव के चलते राजा ने अपने माता-पिता से अलग होकर यह नया ठिकाना चुना था। उसके पिता जमाल अंसारी पहले रिक्शा चलाते थे और अब दाऊद नगर में रहते हैं।
घटना का विवरण
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे राजा अंसारी कतरास से काम कर लौटे थे। कुछ देर बाद मोहल्ले में गुजर रहे लोगों ने देखा कि पति, पत्नी और बच्ची मकान के अंदर बेसुध हालत में पड़े हैं। तुरंत जोगता थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक पति-पत्नी की मौत हो चुकी थी। बच्ची मायरा को तत्काल कतरास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध पदार्थ मिला, पुलिस जांच में जुटी
घटनास्थल से पुलिस को एक बर्तन में संदिग्ध पीले रंग का घोल मिला है, जिसे जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।
जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि अमीना खातून के मायके जो बोकारो जिले में है के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके धनबाद पहुंचने के बाद ही कुछ और तथ्य सामने आ सकते हैं।
शवों को भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए
पुलिस ने तीनों शवों को धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) भेज दिया है, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
धनबाद: पति-पत्नी ने मासूम बच्ची के साथ खाया जहर, तीनों की मौत














