नई दिल्ली/कोलकाता: पश्चिम बंगाल में प्रशासनिक स्तर पर बड़ी हलचल मच गई है। भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के दौरान गंभीर अनियमितताओं को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए राज्य के 7 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ये सभी अधिकारी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में AERO (Assistant Electoral Registration Officer) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
चुनाव आयोग का यह कदम मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में लापरवाही, कर्तव्य की अनदेखी और वैधानिक शक्तियों के दुरुपयोग के आरोपों के बाद उठाया गया है। आयोग ने इस मामले में राज्य के मुख्य सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निलंबित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए।
विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कई स्तरों पर नियमों की अनदेखी, दस्तावेज़ों की जांच में कोताही और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन न किए जाने की शिकायतें आयोग तक पहुंची थीं। प्राथमिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए चुनाव आयोग ने यह सख्त कार्रवाई की।
चुनाव आयोग द्वारा निलंबित किए गए अधिकारियों की सूची इस प्रकार है
डॉ. सेफाउर रहमान – सहायक निदेशक, कृषि विभाग एवं AERO, 56-समसेरगंज विधानसभा क्षेत्र, जिला मुर्शिदाबाद
नितीश दास – राजस्व अधिकारी, फरक्का एवं AERO, 55-फरक्का विधानसभा क्षेत्र
डालिया रे चौधरी – महिला विकास अधिकारी, मयनागुड़ी विकास खंड एवं AERO, 16-मयनागुड़ी विधानसभा क्षेत्र
स्क. मुर्शिद आलम – सहायक कृषि निदेशक (ADA), सूती ब्लॉक एवं AERO, 57-सूती विधानसभा क्षेत्र
सत्यजीत दास – संयुक्त BDO एवं AERO, 139-कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र
जॉयदीप कुंडू – FEO एवं AERO, 139-कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र
देबाशीष विश्वास – संयुक्त BDO एवं AERO, 229-देबरा विधानसभा क्षेत्र














