उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। यह मुठभेड़ जिले के रामनगर तहसील अंतर्गत गुजराड़ा, चिग्ला बलोत क्षेत्र के जाफर जंगल में चल रही है, जहां पुलिस और सेना की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली हुई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा बलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस और सेना ने जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह आतंकी समूह पहले तीन सदस्यों का था। दिसंबर 2025 में इस समूह से एक आतंकी, जुबैर, अलग हो गया था। अब मुठभेड़ में बचे हुए दो आतंकियों को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों आतंकी प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं।
इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आतंकी को भागने का मौका न मिले। मुठभेड़ स्थल के आसपास के गांवों में एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी थी। फिलहाल किसी भी पक्ष के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। सुरक्षाबल पूरी सावधानी के साथ ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं।
स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मुठभेड़ खत्म होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।














