किश्तवाड़: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। चतरू क्षेत्र के घने जंगलों में चल रहे इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने जैश-ए-मोहम्मद के एक टॉप कमांडर को मार गिराया है, जबकि दो अन्य आतंकियों के घायल होने की खबर है। फिलहाल सेना की ओर से मारे गए आतंकी की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की गई है।
इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना, सीआरपीएफ और एसओजी किश्तवाड़ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही सुरक्षा बलों ने संदिग्ध ठिकाने को घेरा, छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी ढेर हो गया, जबकि उसके दो साथी घायल बताए जा रहे हैं और जंगलों में छिपे होने की आशंका है।
ऑपरेशन को तेज करते हुए सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है। जंगलों और पहाड़ी इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है, वहीं हेलीकॉप्टर की मदद से ऊपर से मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। अतिरिक्त जवानों को भी इलाके में तैनात किया गया है ताकि कोई आतंकी घेरा तोड़कर भाग न सके।
किश्तवाड़ के जंगलों में पिछले करीब 36 दिनों से लगातार आतंक विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान इससे पहले जैश का कुख्यात आतंकी आदिल मारा गया था। सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी थी कि 10 लाख का इनामी आतंकी सैफुल्लाह अपने साथियों के साथ इसी इलाके में छिपा हुआ है। मुठभेड़ में मारा गया आतंकी वही सैफुल्लाह होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार जारी ऑपरेशन के कारण अभी तक आतंकवादी का शव बरामद नहीं किया जा सका है।
मुठभेड़ के बाद भी ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बल जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और संभावित ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। स्थानीय लोगों को एहतियातन संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।














