---Advertisement---

गढ़वा: क्रिकेट खेलने के विवाद में भयंकर मारधाड़, 2 महिला समेत 5 घायल

On: February 1, 2026 6:04 PM
---Advertisement---

गढ़वा: जोबरइया गांव में रविवार को बच्चों के बीच क्रिकेट खेल के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बच्चों की कहासुनी में पहले परिजन शामिल हुए और फिर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दो महिलाओं समेत कुल पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोबरइया गांव में कई बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर वाहिद रजा के फूफेरे भाई दिलशान और रौशन कुमार के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बच्चों के झगड़े की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते मामला और बिगड़ गया और महिलाओं के बीच भी झड़प हो गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे अफरातफरी मच गई।


इस झड़प में एक पक्ष से जोबरइया गांव निवासी उदय चंद्रवंशी की पत्नी शोभा देवी, उनके पुत्र रोहित कुमार और रौशन कुमार तथा विजय चंद्रवंशी की पुत्री प्रियंका कुमारी घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष से वाहिद रजा को चोटें आई हैं। सभी घायलों को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।


घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से गढ़वा थाना में एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।


गढ़वा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस नजर बनाए हुए है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now