जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग शहर में एक बार फिर खूनखराबे की वारदात सामने आई है। जोहान्सबर्ग से करीब 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम स्थित बेक्कर्सडाल टाउनशिप में रविवार तड़के अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह हमला स्थानीय समयानुसार रात करीब 1 बजे हुआ। हमलावरों ने एक अनौपचारिक बार (टैवर्न) के आसपास मौजूद लोगों को निशाना बनाया। यह इलाका दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख सोने की खदानों के पास स्थित एक गरीब और घनी आबादी वाला क्षेत्र है।
सड़क और टैवर्न दोनों जगह चली गोलियां
गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया कि हमलावरों ने टैवर्न के अंदर मौजूद ग्राहकों के साथ-साथ बाहर सड़क पर खड़े लोगों पर भी गोलियां बरसाईं।
पुलिस का कहना है कि घटना के वक्त मौके पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की एक कोम्बी और सिल्वर रंग की एक सेडान कार में सवार करीब 12 अज्ञात संदिग्ध वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर भागते समय भी बेतरतीब ढंग से गोलियां चलाते रहे।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
गोलीबारी में घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है।
मकसद अब भी रहस्य
इस हमले के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। दक्षिण अफ्रीका के सार्वजनिक प्रसारक एसएबीसी के अनुसार, राष्ट्रीय अपराध और प्रबंधन टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और सबूत जुटाने का काम जारी है।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद बेक्कर्सडाल टाउनशिप में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हमलावरों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।









