झारखंड वार्ता संवाददाता
रमना (गढ़वा): गढ़वा जिले के रमना प्रखंड के भागोडीह पंचायत अंतर्गत झुरहा गांव निवासी 46 वर्षीय मजदूर ललन चंद्रवंशी की मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित अडाणी पावर प्लांट में काम के दौरान असमय मौत हो गई। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।
स्वजनों के अनुसार ललन चंद्रवंशी मजदूरी करने के लिए सिंगरौली गए हुए थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें पेट दर्द की शिकायत थी। शुक्रवार की रात अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। साथी मजदूर उन्हें इलाज के लिए चिकित्सक के पास ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शनिवार की शाम जब उनका शव गांव पहुंचा तो परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। बताया जाता है कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा, अनुज कुमार, अजय पासवान, चंदन पाल, नंदू मेहता, राजा राम मेहता और लालमन मेहता सहित कई लोग मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग भी की है।
गढ़वा के मजदूर की सिंगरौली पावर प्लांट में मौत, गांव में पसरा मातम














