गढ़वा: जिले के धुरकी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पशु तस्करी का विरोध कर रहे ग्रामीणों को कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी ने हथियार के बल पर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड–उत्तर प्रदेश बॉर्डर के समीप ग्रामीणों ने मवेशियों से लदी एक संदिग्ध पिकअप वैन को आते देखा। पशु तस्करी की आशंका पर ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया और तुरंत धुरकी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि जैसे ही ग्रामीणों ने वाहन को घेरा, तस्करों ने अपने बचाव के लिए इलाके के कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में खुस्तर अंसारी अपने सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा और भीड़ को हटाने तथा वाहन को छुड़ाने के लिए खुलेआम पिस्टल निकालकर ग्रामीणों पर तान दी। हथियार के डर से ग्रामीणों को पीछे हटना पड़ा, जिसका फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही धुरकी पुलिस हरकत में आई और तत्काल मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पशु तस्करी और हथियार लहराने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।










