---Advertisement---

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन सिल्ली में ‘मेरी माटी, मेंरा देश’ कार्यक्रम में शामिल हुए

On: September 7, 2023 2:14 AM
---Advertisement---

सिल्ली : सिल्ली प्रखंड के रामडेरा स्थित दृश्य श्रव्य केंद्र में आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में ‘मेरी माटी, मेरा देश’ कार्यक्रम में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन रांची जिला प्रशासन द्वारा सिल्ली प्रखंड कार्यालय के समन्वय से किया गया। राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों को पौधा एवं शाॅल देकर स्वागत किया गया। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, सांसद संजय सेठ, उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा एवं उप विकास आयुक्त दिनेश यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सिल्ली प्रखंड के कुल बीस पंचायत के मुखियाओं ने राज्यपाल को अमृत कलश का समर्पण किया। वहीं संग्रहित 20 पंचायत के मुखिया द्वारा समर्पित अमृत कलश का संग्रहण एवं लोकार्पण किया गया। राज्यपाल के अनुमति से उपायुक्त उत्सव के हिस्से के रूप में ‘पंच प्रण’ शपथ दिलाई,

सिल्ली पंचायत के मुखिया , अन्य जन प्रतिनिधि , गणमान्य व्यक्तियों और अन्य प्रतिभागियों ने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने, भारत की समृद्ध विरासत पर गर्व करने, एकता और एकजुटता बनाए रखने, नागरिक जिम्मेदारियों को पूरा करने और सम्मान करने की शपथ ली।

सभा को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि यह कार्यक्रम हमारी पहचान और गौरव का प्रतिनिधित्व करता है। मैं यहां के लोगों को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई देता हूँ। हमारी भूमि, हमारी मिट्टी और हमारा राष्ट्र वह नींव है जिस पर हमारे जीवन का अस्तित्व है। ‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम इस भूमि के साथ हमारे गहरे जुड़ाव का स्मरण कराता है। आज, हम यहां हम सभी अपने देश के प्रति साझा प्रेम और इसकी रक्षा हेतु सामूहिक जिम्मेदारी के दायित्व में यहाँ एकत्रित हैं। ‘मेरी माटी मेरा देश’ उन बलिदानियों, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अभियान है। यह अभियान हमें अपने देश की मिट्टी से जोड़ने का अभियान है। यह अभियान मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अभियान है। हमारा सौभाग्य है कि हमने ऐसी माटी में जन्म लिया है जो अनादिकाल से वीरों की माटी रही है। हमारे झारखण्ड की भूमि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हु, चांद-भैरव, फूलो-झान्हो, तिलका मांझी, बुधु भगत, नीलांबर और पीतांबर जैसे महान नायकों की भूमि है और कई स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों के विरुद्ध कड़ा संघर्ष किया और देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्र के लिए इन महान विभूतियों का बलिदान सदैव सभी के लिए प्रेरणा का कार्य करता रहेगा। ऐसे बलिदानियों की भूमि से इस अभियान में शामिल होकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं सभी महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। गांव-गांव से आए बलिदानियों के मिट्टी के कलश पाकर मैं कृतज्ञ हूं। यह भारत की एकता और श्रेष्ठता को प्रतिबिंबित करने का अभियान है। यह अभियान ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के मंत्र को और अधिक सफलता देगा। यह अभियान भारत की एकता को और सशक्त करने की माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की पहल है। हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने अगले 25 वर्षों में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए 5 प्रतिज्ञाएँ सूचीबद्ध की हैं। देश के प्रत्येक व्यक्ति को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा दी गई 5 प्रतिज्ञाओं की शपथ को आत्मसात करने की आवश्यकता है। ‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम सिर्फ एक आयोजन नहीं है। यह एक अनुस्मारक है कि हम इस खूबसूरत राष्ट्र के संरक्षक हैं, और यह सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए उत्कृष्ट रहे। मैं इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजकों को उनके समर्पण और परिश्रम की सराहना करता हूँ। ऐसे पहल के लिए मुरी के लोग अत्यंत धन्यवाद के पात्र हैं। मुझे उम्मीद है कि यह अभियान हमारे युवाओं में देशभक्ति की भावना को और बढ़ाएगा।

सांसद संजय सेठ ने समारोह में बहुमूल्य उपस्थिति के लिए राज्यपाल को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष, भारत की स्वतंत्रता के उपलक्ष्य में ‘जनभागीदारी’ को बढ़ावा देने के लिए गांव, पंचायत, ब्लॉक, शहरी स्थानीय निकाय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने देश के गुमनाम नायकों को उनके बलिदान के लिए सम्मानित करने और याद रखने की पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ‘अमृत वाटिका’ बनाने के लिए देश के कोने-कोने से 7,500 कलशों में मिट्टी लेकर ‘अमृत कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘अमृत वाटिका’ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के प्रति समर्पण का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने गुमनाम नायकों और स्वतंत्रता के लिए उनके संघर्ष तथा राष्ट्रीय हित के शहीदों को भी याद किया।
इससे पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी पावन आशीष लकड़ा ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रखंड के 20 पत्तों के सभी 102 ग्रामों से संग्रहित पवित्र माटी को माननिय राज्यपाल महोदय को किया जाना है। अभियान के इस गौरवशाली क्षणों में हम सभी मिलकर देश के वीरों का तथा झारखंड के वीर बिरसा मुंडा, सिद्धो – कान्हु, चांद- भैरव, फूलो – झानो, तिलका मांझी, वीर वूधू भगत, नीलांबर पीतांबर एवं सिल्ली के पावन धरती के शहीद रघुनाथ महतो जैसे वीरों का बंदन एवं अभिनंदन करते हैं। कार्यक्रम में वरिय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, प्रमुख जितेन्द्र बड़ाइक, जिप सदस्य लक्ष्मी कुमारी, जेएसपीएल कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Satyam Jaiswal

सत्यम जायसवाल एक भारतीय पत्रकार हैं, जो झारखंड राज्य के रांची शहर में स्थित "झारखंड वार्ता" नामक मीडिया कंपनी के मालिक हैं। उनके पास प्रबंधन, सार्वजनिक बोलचाल, और कंटेंट क्रिएशन में लगभक एक दशक का अनुभव है। उन्होंने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न कंपनियों के लिए वीडियो प्रोड्यूसर, एडिटर, और डायरेक्टर के रूप में कार्य किया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड वार्ता की शुरुआत की थी। "झारखंड वार्ता" झारखंड राज्य से संबंधित समाचार और जानकारी प्रदान करती है, जो राज्य के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।

Join WhatsApp

Join Now