हजारीबाग: जिले में नशाखोरी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक साथ तीन थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस संयुक्त ऑपरेशन में कटकमदाग, लोहसिंघना और ईचाक थाना क्षेत्रों से कुल 14 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, गांजा, नकद राशि, वाहन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
16 फरवरी को कटकमदाग थाना क्षेत्र के ग्राम सुलताना स्थित डीपो शीट के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना पुलिस कप्तान अंजनी अंजन को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यालय एएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस को देखकर तीन युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान मो. आफताब, मो. जुबैद उर्फ शाहरुख और सरोज कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में तीनों ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वे उदय कुमार उर्फ नवल दांगी, पवन राज वर्मा और राहुल कुमार मेहता से नशीले पदार्थ खरीदते हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कटकमदाग इलाके से गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 111.72 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹17,160 नकद, 7 मोबाइल फोन, 2 बाइक, 1 कार और 2 माप-तौल मशीन जब्त की गई।
इसी क्रम में लोहसिंघना थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आदित्य यादव उर्फ समिर, साहब सिंह उर्फ साबी और गुरूनाम सिंह उर्फ सोडी को गिरफ्तार किया। इनके पास से 17 ग्राम ब्राउन शुगर, 2 किलो गांजा, ₹47,000 नकद, 2 चारपहिया वाहन और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
वहीं ईचाक थाना क्षेत्र से इरफान अंसारी उर्फ जिगर, बबलु कुमार, एहसान खान, विशाल कुमार राणा और मो. वसीम को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 7 ग्राम ब्राउन शुगर और 7 बाइक जब्त की गईं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। उदय कुमार उर्फ नवल दांगी के खिलाफ पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इरफान अंसारी उर्फ जिगर पर 3 और बबलु कुमार पर 2 मामले पूर्व में दर्ज पाए गए हैं।














