---Advertisement---

पलामू: गोलगप्पा खाने से 25 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग की आशंका

On: February 16, 2026 3:17 PM
---Advertisement---

पलामू: पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका गांव स्थित रघुआखाड़ में महाशिवरात्रि पर लगे मेले में गोलगप्पा खाने के बाद 25 से अधिक बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। बच्चों में उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन जैसे गंभीर लक्षण सामने आने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, महाशिवरात्रि के मौके पर गांव में पारंपरिक मेला आयोजित किया गया था, जिसमें आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। मेले में लगे एक गोलगप्पा (चाट) स्टॉल से बच्चों ने चाट-पकवान खाए। इसके कुछ घंटों बाद ही देर रात से बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी बच्चे को लगातार उल्टियां होने लगीं, तो किसी को तेज दस्त की शिकायत शुरू हो गई।

सोमवार सुबह तक कई बच्चों की हालत और ज्यादा गंभीर हो गई। बच्चों की बिगड़ती स्थिति देखकर परिजनों में दहशत फैल गई और गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मामले की सूचना पांकी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी गई।

सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। मेडिकल टीम को तत्काल गांव भेजा गया और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचाई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से बीमार बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया जा सके। फिलहाल अधिकांश बच्चों का इलाज गांव में ही प्राथमिक स्तर पर किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इधर, कुछ ग्रामीण अपने स्तर से भी बच्चों का इलाज कराने में जुटे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आशंका जताई है कि गोलगप्पों में इस्तेमाल किया गया पानी या अन्य सामग्री दूषित हो सकती है, जिससे फूड पॉइजनिंग जैसी स्थिति बनी। हालांकि, वास्तविक कारण का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now