धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां केंदुआ मोड़ इलाके में मामूली विवाद के बाद एक फल दुकानदार को कार में खींचकर करीब 100 मीटर तक घसीटा गया और फिर चलती गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया गया। इस घटना में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके सिर में भी गंभीर चोट आई है। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, केंदुआ मोड़ स्थित बिहारी लाल चौधरी के घर के सामने फल बेचने वाले दुकानदार के ठेले के पास एक कार आकर रुकी। कार में सवार एक व्यक्ति बाहर उतरकर बियर की बोतल रखकर वहीं शराब पीने लगा। दुकानदार ने सार्वजनिक जगह पर शराब पीने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
गाली-गलौज के बाद कार में खींचकर ले गए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज की और उसे थप्पड़ भी मार दिया। इसके बाद उसने कार का दरवाजा खोला और जबरन दुकानदार को अंदर खींच लिया। इसी दौरान कार में मौजूद दूसरे व्यक्ति ने तेज रफ्तार में गाड़ी भगा दी। बताया जा रहा है कि दुकानदार करीब 100 मीटर तक कार से घसीटता रहा। कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपियों ने उसे चलती कार से सड़क पर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल दुकानदार को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल डॉक्टर उसकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
इधर, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद केंदुआ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, कार चालक और वाहन अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।














