बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते एक 10 वर्षीय मासूम गंभीर हादसे का शिकार हो गया। यह घटना इलाके में सनसनी का कारण बन गई है और जिसने भी इसके बारे में सुना, वह सिहर उठा।
जानकारी के मुताबिक, ऋषभ (10) अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेलने के दौरान गेंद एक समीपवर्ती निर्माणाधीन मकान में चली गई। गेंद लेने के लिए ऋषभ उस मकान के अंदर चला गया और एक स्थान पर चढ़कर गेंद निकालने का प्रयास करने लगा। अचानक पैर फिसलने से ऋषभ नीचे जमीन पर गिरा। जमीन में से सरिया निकली हुई थीं, जो उसके दाएं बाजू के नीचे से धंसता हुआ गर्दन के आरपार हो गई।
इस भयावह दृश्य को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने गैस कटर की मदद से सरिए के निचले हिस्से को काटा गया और बच्चे को सरिए के साथ तुरंत कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
जहां से प्राथमिक उपचार और ड्रिप लगाने के बाद चिकित्सकों ने ऋषभ को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। दिल्ली सफदरजंग में साढ़े तीन घंटे के ऑपरेशन के बाद सरिया को बाहर निकाल दिया गया है। फिलहाल बच्चे की हालत ठीक है। समाचार लिखे जाने तक बच्चे को होश नहीं आया है।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चा अस्पताल के बेड पर नजर आ रहा है और उसकी गर्दन में सरिया फंसी हुई दिखाई दे रही है। वीडियो इतना भयावह है कि इसे देखकर किसी का भी दिल दहल सकता है।













