बालाघाट (मध्यप्रदेश): मंगलवार दोपहर बालाघाट जिले के बैहर क्षेत्र के समनापुर चौक पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने सरेआम एक युवती की हत्या कर दी। घटना इतनी अचानक हुई कि लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
सड़क की दूसरी तरफ दर्जनों लोग खड़े हो कर इस दर्दनाक मंजर को देखते रहे। वीडियो बनाते रहे, कुछ की संवेदनाएं जगी तो चिल्लाए भी लेकिन कोई भी युवती को बचाने नहीं आया और युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरा बाजार दहशत के माहौल में बंद हो गया।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला बैहर थाना क्षेत्र के आमगांव का है। रितु भंडारकर (23) एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करती थी और रोजाना की तरह आज भी घर से काम के लिए निकली थी। लेकिन जैसे ही वो गांव के चौराहे पर पहुंची, वहां पहले से मौजूद आरोपी युवक रोशन सार्वे से उसकी किसी बात को लेकर बहस हुई और फिर देखते ही देखते युवक ने तेज धारदार चाकू से उसका गला रेत दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात इतनी तेज़ी से हुई कि लोग समझ ही नहीं पाए कि क्या हो गया। कई दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं और आसपास के लोग डर के मारे सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को थोड़ी ही देर बाद हिरासत में ले लिया गया। एएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आपसी विवाद और व्यक्तिगत रिश्ते से जुड़ा पाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में गहरा आक्रोश देखा गया। किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए समनापुर चौक और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है।













